नशे के खिलाफ मेघालय पुलिस का अभियान, 3,200 किलोमीटर की बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी

SHARE:

शिलांग से गुजरात के एकता नगर तक निकलेगी रैली, युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर जोर

 

शिलांग। नशे की तस्करी और मादक पदार्थों की लत के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मेघालय पुलिस ने राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली 2026 में हिस्सा लिया है। गुरुवार को मेघालय के उपमुख्यमंत्री और गृह (पुलिस) विभाग के प्रभारी प्रेस्टोन तिनसॉन्ग ने शिलांग स्थित गोल्फ लिंक के पुलिस ऑफिसर्स मेस से पुलिस राइडर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

 

‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ यानी ‘नशे के खिलाफ लड़ाई’ की थीम पर आयोजित यह रैली 3,200 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेगी। इसका गंतव्य गुजरात का एकता नगर है, जहां दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी स्थित है। इस आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर देश में एकता और सामाजिक जागरूकता का संदेश फैलाना है। यह दिवस लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।

 

उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन तिनसॉन्ग ने कहा कि यह रैली मादक पदार्थों की तस्करी और नशे की लत के खिलाफ सरकार की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करेगी। उन्होंने नशे की आपूर्ति रोकने के साथ-साथ इसकी चपेट में आए लोगों को परामर्श और पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराने के महत्व पर भी जोर दिया।

 

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अनुराग अग्रवाल ने कहा कि नशीले पदार्थ युवाओं के स्वास्थ्य और भविष्य के लिए गंभीर खतरा हैं। उन्होंने बताया कि मेघालय मुख्य रूप से मादक पदार्थों के परिवहन के लिए एक ट्रांजिट राज्य के रूप में इस्तेमाल होता है। ऐसे में तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने और उन्हें खत्म करने के लिए अन्य राज्यों तथा संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय जरूरी है।

 

इस रैली में मेघालय और मिजोरम के राइडर्स के साथ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के प्रतिभागी भी शामिल हैं। अभियान के जरिए लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और युवाओं को इससे दूर रहने का संदेश दिया जाएगा।

 

बाइट: प्रेस्टोन तिनसॉन्ग, उपमुख्यमंत्री, मेघालय

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें