टीबी मुक्त भारत के लिए कल शुरू होंगी JOSH टीमें

SHARE:

भारत में टीबी उन्मूलन अभियान को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा 8 अक्टूबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में JOSH (Joint Squad for Health) टीमों के राष्ट्रीय शुभारंभ का नेतृत्व करेंगे। पहले चरण में इन टीमों को 11 राज्यों के 55 जिलों में शुरू किया जाएगा।

JOSH टीमों का उद्देश्य युवाओं की सक्रिय भागीदारी के जरिए ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान को समुदायों तक पहुंचाना है। इस पहल को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा रक्षा मंत्रालय के सहयोग से संचालित किया जाएगा।

इन टीमों में प्रथम श्रेणी के अधिकारी, MY Bharat स्वयंसेवक और एनसीसी कैडेट शामिल होंगे। ये सदस्य ब्लॉक, वार्ड और सामुदायिक स्तर पर लोगों से संपर्क कर टीबी के लक्षणों, बचाव, समय पर जांच और उपचार पूरा करने को लेकर जागरूकता फैलाएंगे। साथ ही टीबी से जुड़े भ्रम और गलत धारणाओं को दूर करने तथा बीमारी को लेकर सामाजिक कलंक कम करने पर भी जोर दिया जाएगा।

राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं हितधारक शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ की उपलब्धियों पर आधारित वीडियो और नई सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) सामग्री भी जारी की जाएगी।

इस अवसर पर ‘खुशी अवतार’ नामक एआई आधारित चैटबॉट भी लॉन्च किया जाएगा, जिसका उद्देश्य टीबी को लेकर जन-जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता बढ़ाना है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, JOSH टीमों के जरिए युवाओं को टीबी उन्मूलन अभियान में संगठित रूप से भागीदारी करने का मंच मिलेगा और जनभागीदारी को और मजबूत किया जाएगा।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें