उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने 9वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय जल सप्ताह का किया उद्घाटन

SHARE:

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने नई दिल्ली में 9वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय जल सप्ताह 2026 का उद्घाटन किया। पांच दिवसीय इस आयोजन की थीम ‘जलवायु अनुकूल जल प्रबंधन’ रखी गई है। नीदरलैंड्स और जर्मनी इस वर्ष भारतीय अंतर्राष्ट्रीय जल सप्ताह में भागीदार देशों के रूप में शामिल हुए हैं।

भारतीय अंतर्राष्ट्रीय जल सप्ताह में देश-विदेश के शोधकर्ताओं, स्टार्टअप्स और युवाओं के साथ वैश्विक जल क्षेत्र से जुड़े पक्षकार, नीति निर्माता, अंतर्राष्ट्रीय संगठन और विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन का उद्देश्य जल प्रबंधन के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना और सतत जल प्रबंधन से जुड़ी वैश्विक विशेषज्ञता एवं अनुभवों का आदान-प्रदान करना है।

उद्घाटन समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि जल जीवन और सभ्यताओं का आधार है। उन्होंने जल के विवेकपूर्ण उपयोग, संरक्षण और प्रभावी प्रबंधन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जल से जुड़ी चुनौतियों का समाधान किसी एक संस्था, क्षेत्र या राज्य के स्तर पर संभव नहीं है। इसके लिए व्यापक सहयोग और समन्वित प्रयास जरूरी हैं।

उपराष्ट्रपति ने जल प्रबंधन में बहु-हितधारक और बहुआयामी दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि तकनीकी नवाचार, मजबूत नीतियां, वैज्ञानिक ज्ञान, स्थानीय अनुभव और सामुदायिक भागीदारी को एक साथ जोड़कर जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जल संसाधनों का सतत, न्यायसंगत और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए सहयोग प्रशासनिक और भौगोलिक सीमाओं से आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने जलवायु परिवर्तन के कारण वर्षा के बदलते और अनिश्चित पैटर्न का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में ऐसी जल प्रबंधन प्रणालियों की जरूरत है, जो अत्यधिक वर्षा और लंबे समय तक सूखे जैसी दोनों परिस्थितियों से निपट सकें। इसके लिए नदी बेसिन प्रबंधन, भूजल पुनर्भरण, वर्षा जल संचयन और कुशल सिंचाई जैसे उपायों को एकीकृत तरीके से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने भी जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सरकार देश के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जल को साझा संसाधन बताते हुए कहा कि जल सुरक्षा भी सभी की साझा जिम्मेदारी है।

भारत में नीदरलैंड्स की राजदूत मारिसा गेरार्ड्स ने आकाशवाणी समाचार से बातचीत में कहा कि जल सहयोग भारत-नीदरलैंड्स रणनीतिक साझेदारी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने बाढ़ संरक्षण और जल शोधन के क्षेत्र में दोनों देशों के संयुक्त प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नीदरलैंड्स भारतीय अंतर्राष्ट्रीय जल सप्ताह के माध्यम से जल प्रबंधन से जुड़ा अपना ज्ञान और विशेषज्ञता साझा कर रहा है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें