रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की। इस किस्त के तहत प्रदेश की 67.38 लाख से अधिक माताओं और बहनों के बैंक खातों में कुल 632.40 करोड़ रुपये की राशि सीधे अंतरित की गई।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि महतारी वंदन योजना प्रदेश की मातृशक्ति के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक मजबूती का महत्वपूर्ण आधार बन रही है। योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे अपनी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ परिवार की आर्थिक व्यवस्था में भी अधिक प्रभावी भूमिका निभा रही हैं।
सरकार के अनुसार, महतारी वंदन योजना के माध्यम से अब तक प्रदेश की पात्र महिलाओं को 20,708 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। लगातार किस्तों के जरिए महिलाओं के खातों में राशि पहुंचने से योजना का लाभ व्यापक स्तर पर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्ग जिले की 3.89 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में 37.19 करोड़ रुपये की राशि भी अंतरित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक मजबूती से परिवार और समाज दोनों सशक्त होते हैं।
महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली नियमित सहायता महिलाओं को घरेलू जरूरतों, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक खर्चों में सहयोग प्रदान कर रही है। सरकार का कहना है कि योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि प्रदेश की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाना भी है।
32वीं किस्त जारी होने के साथ ही योजना के लाभार्थियों में उत्साह देखा गया। सरकार ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर जारी प्रयासों की महत्वपूर्ण कड़ी बताया है।








