उत्तराखंड भ्रमण पर आए हरियाणा के युवाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। तीन दिवसीय भ्रमण के दौरान उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों को करीब से देखने के बाद युवाओं ने मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए।
युवाओं ने उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ राज्य में हो रहे विकास कार्यों और विभिन्न सरकारी योजनाओं को लेकर भी अपने अनुभव मुख्यमंत्री के सामने रखे। उन्होंने राज्य में कनेक्टिविटी, पर्यटन, होम-स्टे, सौर ऊर्जा, सीमांत क्षेत्रों के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
सड़क और डिजिटल कनेक्टिविटी को लेकर जताई सराहना
हरियाणा से आए युवाओं ने कहा कि उत्तराखंड का अधिकांश भू-भाग पर्वतीय होने के बावजूद सड़क और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में काम दिखाई देता है। उन्होंने रेलवे नेटवर्क के विस्तार से जुड़े प्रयासों का भी उल्लेख किया।
युवाओं के अनुसार बेहतर कनेक्टिविटी और पर्यटन सुविधाओं के चलते उत्तराखंड में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए पहुंच आसान हो रही है। उन्होंने राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए सोलर रूफटॉप योजना को भी उपयोगी पहल बताया।
होम-स्टे और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी चर्चा
प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए संचालित होम-स्टे व्यवस्था की भी सराहना की। युवाओं ने कहा कि इससे पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति और जीवनशैली को करीब से समझने का अवसर मिलता है, वहीं स्थानीय स्तर पर लोगों के लिए आय के अवसर भी बनते हैं।
युवाओं ने उत्तराखंड के शांत वातावरण और स्थानीय लोगों के व्यवहार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों से उन्हें सहयोग और अपनापन मिला।
मुख्यमंत्री धामी ने किया युवाओं का स्वागत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरियाणा से आए युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि “अतिथि देवो भवः” देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अंतरराज्यीय युवा भ्रमण कार्यक्रम केवल पर्यटन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए अलग-अलग राज्यों के युवा एक-दूसरे की संस्कृति, विकास कार्यों और बेहतर कार्यप्रणालियों को समझ सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से उत्तराखंड की संस्कृति, पर्यटन स्थलों, स्थानीय उत्पादों और यहां चल रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी हासिल करने तथा अपने अनुभवों को साझा करने की बात कही।
युवाओं के बीच संवाद बढ़ाने पर जोर
इस मुलाकात में अंतरराज्यीय युवा संवाद और अनुभवों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। सरकार की ओर से पहले भी उत्तराखंड के युवाओं को दूसरे राज्यों में जाकर वहां की संस्कृति, स्थानीय जीवनशैली, कृषि, खेल और विकास से जुड़ी गतिविधियों को समझने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग-अलग राज्यों के युवाओं के बीच इस प्रकार का संवाद देश की विविधता को समझने और एक-दूसरे से सीखने का अवसर देता है। उत्तराखंड आने वाले युवाओं को राज्य की संस्कृति, पर्यटन, स्थानीय उत्पादों और विकास की पहलों से परिचित कराने की दिशा में भी ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
हरियाणा के युवाओं ने उत्तराखंड भ्रमण को अपने लिए सीख और अनुभव का अवसर बताया। मुलाकात के दौरान दोनों राज्यों के युवाओं के बीच सांस्कृतिक और विकासात्मक अनुभवों के आदान-प्रदान को आगे बढ़ाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।








